रावघाट तक रेल संचालन के बाद जगदलपुर तक रेल लाइन विस्तार का कार्य आगे बढ़ेगा : तरुण प्रकाश

 


कांकेर, 27 जून (हि.स.)। बस्तर क्षेत्र को रेल नेटवर्क से जोडऩे की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर पहुंचकर रावघाट रेल परियोजना और अन्य विकास कार्यों का निरीक्षण किया।

उन्होंने कहा कि रावघाट तक रेल संचालन जल्द शुरू किया जाएगा, इसके बाद जगदलपुर तक रेल लाइन विस्तार का कार्य चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ेगा। निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक के साथ रायपुर रेल मंडल के रेल प्रबंधक (डीआरएम) दयानंद सहित रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने परियोजना की प्रगति का जायजा लिया और शेष कार्यों की समीक्षा की।

आज शनिवार काे पत्रकारों से चर्चा करते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने बताया कि रावघाट रेल परियोजना का अधिकांश निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। केवल कुछ तकनीकी और अधोसंरचनात्मक कार्य शेष हैं, जिन्हें शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद रावघाट तक नियमित रेल संचालन शुरू कर दिया जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि रावघाट के बाद जगदलपुर तक रेल लाइन विस्तार की प्रक्रिया भी चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाई जाएगी। इस परियोजना को लेकर रेल मंत्रालय गंभीरता से कार्य कर रहा है और इसे प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। यात्री सुविधाओं के संबंध में महाप्रबंधक ने बताया कि क्षेत्र में ट्रेनों में लगातार बढ़ रही भीड़ को देखते हुए कुछ ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए जा चुके हैं। वहीं, दो अन्य ट्रेनों में भी जल्द अतिरिक्त डिब्बे जोड़े जाएंगे, ताकि यात्रियों को अधिक सुविधा मिल सके और भीड़ का दबाव कम हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे