साड़ी वितरण में अनियमितता पर भड़की महिला कांग्रेस, किया प्रदर्शन, फूंका पुतला

 


धमतरी, 13 अप्रैल (हि.स.)। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए साड़ी वितरण में कथित अनियमितताओं को लेकर जिला महिला कांग्रेस ने सोमवार को गांधी मैदान में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान विभागीय मंत्री और प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ तीखी नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया गया।

यह विरोध प्रदर्शन राज्यसभा सांसद एवं प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष फूलो देवी नेताम के निर्देश पर आयोजित किया गया। महिला कांग्रेस ने इस मुद्दे को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान और अधिकार से जुड़ा गंभीर विषय बताया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि साड़ी वितरण में भारी अनियमितताएं हुई हैं, जिससे मेहनतकश कार्यकर्ताओं के साथ अन्याय हुआ है। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने कहा कि महिलाओं से किए गए वादों को पूरा करने में सरकार विफल रही है और अब घटिया गुणवत्ता की साड़ियां बांटकर उनका अपमान किया जा रहा है। जिला महिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष अंबिका सिन्हा और शहर अध्यक्ष शास्त्री सोनवानी ने कहा कि यह केवल आर्थिक गड़बड़ी का मामला नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान का प्रश्न है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। महिला कांग्रेस ने सरकार से साड़ी वितरण में हुई अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

प्रदर्शन में तारिणी चंद्राकर, अंबिका सिन्हा, शास्त्री सोनवानी, योगेश शर्मा, सूर्य प्रभा चेटियार, शारदा लोकनाथ साहू, आकाश गोलछा, उदित नारायण साहू, विशु देवांगन, हितेश गंगवीर, सुमन मेश्राम, समीना खान, वतांजलि गोस्वामी, गणेश्वरी कामड़े, आशुतोष खरे, वीणा साहू, चंदन रजक, चित्रांश रजक, अम्बर चंद्राकर, सूरज पासवान, योगेश्वर साहू, सूर्या बघेल सहित बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा