अंबिकापुर : संसद में गूँजेगी आधी आबादी की आवाज़, जिला पंचायत सदस्य ने जताया पीएम का आभार

 


अंबिकापुर, 16 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने वाला 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' धरातल पर नई उम्मीदें जगा रहा है। लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाले इस ऐतिहासिक कानून का सरगुजा जिले में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।

जिला पंचायत सरगुजा (क्षेत्र क्रमांक 6) की सदस्य राधा रवि ने इस निर्णय को स्वर्णिम अध्याय करार देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह अधिनियम महज एक कानूनी बदलाव नहीं है, बल्कि देश की आधी आबादी के सामर्थ्य और सम्मान का वास्तविक सम्मान है। प्रधानमंत्री के इस दूरदर्शी कदम से अब नीति-निर्धारण के सर्वोच्च स्तर पर महिलाओं की सक्रियता बढ़ेगी, जिससे देश के विकास को एक नई और संवेदनशील दिशा मिलेगी।

राधा रवि ने विश्वास जताया कि यह फैसला नए भारत की उस सोच का प्रतीक है, जो महिलाओं को सिर्फ घर तक सीमित न रखकर उन्हें नेतृत्व की कमान सौंपने में विश्वास रखता है। इस कानून के आने से अब देश की बेटियां और महिलाएं राजनीति के मुख्य पटल पर अपनी पहचान बनाएंगी। सरगुजा के उदयपुर ब्लॉक सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में भी इस फैसले को लेकर महिलाओं के बीच हर्ष की लहर है।

स्थानीय महिला जनप्रतिनिधियों का मानना है कि इस आरक्षण से न केवल शहरी बल्कि ग्रामीण पृष्ठभूमि की महिलाओं में भी आत्मविश्वास का संचार हुआ है। अब महिलाएं सामाजिक सुधारों के साथ-साथ राजनीतिक नेतृत्व की चुनौतियों को स्वीकार करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं, जो आने वाले समय में एक सशक्त और समावेशी लोकतंत्र की नींव रखेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह