मदनपुर में 200 से अधिक महिलाएं सीख रहीं चूड़ी बनाने का हुनर, कलेक्टर ने भी आजमाई कला

 


सूरजपुर, 26 सितंबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत महिलाओं को नए कौशल से जोड़कर स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की पहल की जा रही है। आज शनिवार को विकासखंड सूरजपुर के सिलफिली स्थित मदनपुर में 21 महिला समूहों की 200 से अधिक सदस्य चूड़ी निर्माण का प्रशिक्षण ले रही हैं। महिलाएं कांच, मेटल और लाख की चूड़ियां बनाने के साथ डिजाइनिंग और अन्य तकनीकी कौशल भी सीख रही हैं।

कलेक्टर रेना जमील ने प्रशिक्षण स्थल पहुंचकर महिलाओं से बातचीत की और चूड़ी बनाने की प्रक्रिया को समझा। उन्होंने प्रशिक्षण ले रही महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि लगन और नियमित अभ्यास से हुनर को और निखारा जा सकता है। उन्होंने महिलाओं को आत्मविश्वास के साथ इस कौशल को आजीविका के साधन के रूप में विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया।

इस दौरान कलेक्टर ने स्वयं भी चूड़ी बनाने की कला आजमाई। प्रशिक्षण ले रही महिलाओं ने अपने हाथों से तैयार चूड़ियां उन्हें भेंट कीं। प्रशिक्षण स्थल पर महिलाओं में चूड़ी निर्माण की कला सीखने को लेकर उत्साह देखा गया।

महिलाओं को एक महीने तक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद चूड़ी निर्माण को आय के स्रोत के रूप में विकसित करने की योजना है। प्रशासन के अनुसार, समूह की महिलाएं इस कार्य से प्रतिदिन करीब 300 से 400 रुपये तक की आय अर्जित कर सकती हैं। महिलाओं को कच्चा माल उपलब्ध कराने और तैयार उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

वर्तमान में चूड़ी निर्माण के लिए आवश्यक कच्चा माल फिरोजाबाद से मंगाया जा रहा है। भविष्य में स्थानीय स्तर पर सामग्री तैयार करने और वेस्टेज के बेहतर उपयोग के लिए कांच प्लांट यूनिट स्थापित करने की योजना है। इससे चूड़ी निर्माण की गतिविधियों को जिले में ही आगे बढ़ाने में मदद मिल सकती है।

प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को प्रशिक्षण के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और आय के अवसर उपलब्ध कराना है। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ विजेन्द्र सिंह पाटले, अनुविभागीय अधिकारी शिवानी जायसवाल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय