ओवरटेक कर रहे ट्रक की चपेट में आने से महिला की मौत, कार भी आई चपेट में दो घायल

 

बालोद, 23 अगस्त (हि.स.)। जिले में रविवार को कंगलामांझी कॉलेज के पास ट्रक चालक ने ओवरटेक के चक्कर में सड़क किनारे खेत से मवेशियों को निकाल रही बुजुर्ग महिला को टक्कर मार दी, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में कार भी चपेट में आई, जिसमें सवार दो लोग घायल हुए हैं।

जानकारी के मुताबिक, ट्रक क्रमांक सीजी 05 एजी 6422 आयरन ओर लेकर डौंडी की ओर से गीधाली माइंस जा रहा था। इसी दौरान कंगलामांझी कॉलेज के पास ट्रक चालक ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। सड़क किनारे खेत से मवेशियों को बाहर निकाल रही औराटोला निवासी दुलारा बाई भैसारा (60 वर्ष) ट्रक की चपेट में आ गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

विपरीत दिशा से आ रही कार क्रमांक सीजी 24 एस 4966 के चालक ने ट्रक की हरकत देखकर कार को किनारे करने का प्रयास किया, लेकिन कार भी ट्रक की चपेट में आ गई। टक्कर के बाद कार सड़क किनारे खेत में जा गिरी और ट्रक भी पलट गया। हादसे में कार सवार दो लोग घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही डौंडी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों और ट्रक चालक के नशे में होने के आरोप की भी जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल