समूह' की महिलाओं ने श्रीगणेश की 52 मूर्तियां बनाकर, एक लाख 80 हजार में किया विक्रय
जगदलपुर, 14 सितंबर (हि.स.)। बस्तर जिले के बकावंड विकासखंड अंतर्गत तारापुर गांव की सिद्धि स्व-सहायता समूह' महिलाओं ने श्रीगणेश चतुर्थी के अवसर पर 'पर्यावरण के अनुकूल मिट्टी के श्रीगणेश की मूर्ति निर्माण कर ऐसी मनमोहक प्रतिमाएं गढ़ीं कि बाजार में उनकी कला का डंका बज गया। नतीजा यह हुआ कि चंद हफ्तों की मेहनत से समूह ने एक लाख 80 हजार रुपये की श्रीगणेश की मूर्ति का विक्रय कर आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश कर दी।
तारापुर की इन हुनरमंद महिलाओं की यह गूंज अब पूरे जिले में सुनाई दे रही है। स्थानीय प्रशासन से लेकर आस-पास के गांवों तक, हर कोई इन 'माटी की हुनरमंद महिलाओं' की तारीफ कर रहा है। सीमित साधनों के बीच शुरू हुई यह छोटी सी कोशिश आज इलाके की सैकड़ों महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम होने का नया हौसला दे रही है।
मिली जानकारी के अनुसार गांव की शांति नागवंशी, दसो भारती और रोमा नागवंशी के नेतृत्व में जब इस समूह की महिलाओं ने मिट्टी सानना शुरू किया था, तब शायद किसी ने नहीं सोचा था कि यह पहल इतना बड़ा रूप ले लेगी। इन महिलाओं ने छोटे-बड़े आकार की कुल 52 ऐसी गणेश प्रतिमाएं तैयार कीं। केमिकल और रंगों से दूर, शुद्ध मिट्टी से बनी इन इको-फ्रेंडली मूर्तियों पर खरीदारों की ऐसी नजर ठहरी कि देखते ही देखते पूरा का पूरा स्टॉक हाथों-हाथ बिक गया।
इस अप्रत्याशित सफलता ने इन महिलाओं की जिंदगी में उम्मीदों की नई रोशनी भर दी है। अपनी खुशी साझा करते हुए शांति नागवंशी गर्व से कहती हैं कि जब हमारी गढ़ी मूर्तियां लोगों के घरों में पूजी जा रही थीं और हाथ में मेहनत की कमाई आई, तो लगा जैसे वर्षों का सपना पूरा हो गया। इस कमाई से अब वे अपने परिवार की जरूरतें बेहतर तरीके से पूरी कर सकेंगी और बच्चों की पढ़ाई-लिखाई को नई दिशा दे पाएंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे