लामकेर के जंगल में हिंसक वन्य प्राणी ने एक मवेशी का किया शिकार

 


जगदलपुर, 10 अगस्त (हि.स.)। बस्तर विकासखंड के ग्राम पंचायत लामकेर के जंगल में हिंसक वन्य प्राणी की मौजूदगी की आशंका ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। लामकेर के जंगल में एक मवेशी का शिकार किए जाने की घटना सामने आई है।

मिली जानकारी के अनुसार बीती रात काे लामकेर के जंगल क्षेत्र में एक मवेशी को किसी हिंसक वन्य प्राणी ने अपना शिकार बना लिया। आज साेमवार काे ग्रामीणाें के माध्यम से घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच कर रही। वन विभाग के सूरज कुमार कश्यप के अनुसार मौके पर मिले साक्ष्यों के आधार पर एक मवेशी का शिकार किसी हिंसक वन्य प्राणी द्वारा किया गया है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, जंगल में अकेले न जाएं। किसी भी हिंसक वन्य प्राणी बाघ, तेदुआ या अन्य जंगली जानवर की गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें।

वर्तमान में खेती-बाड़ी का सीजन चल रहा है, इस दाैरान ग्रामीण सुबह से शाम तक खेतों में काम करने के लिए आना-जाना लगा रहता है। कई खेत जंगल और झाड़ी वाले इलाकों से सटे हुए हैं। ऐसे में हिंसक वन्य प्राणी की मौजूदगी ग्रामीणों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि खेतों में काम करने के दौरान अब विशेष सावधानी बरतना जरूरी हो गया है। ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए लामकेर के सरपंच लक्ष्मण कश्यप ने गांव में कोटवार के माध्यम से मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। ग्रामीणों से कहा गया है कि वे अकेले जंगल की ओर न जाएं और विशेषकर सुबह-शाम खेतों तथा जंगल क्षेत्र में जाते समय सावधानी बरतें। खेती के सीजन में ग्रामीणों का लगातार खेतों में आना-जाना होने के कारण अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे