बीजापुर में चरवाहे युवक पर वन्य प्राणी भालू ने किया हमला
बीजापुर, 19 अगस्त (हि.स.)। जिले के गंगालूर तहसील अंतर्गत पीडिया गांव में बुधवार काे उस समय हड़कंप मच गया, जब गाय चराने जंगल की ओर गए एक युवक पर वन्य प्राणी भालू ने हमला कर दिया। भालू के हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान पीडिया गांव निवासी मुद्दा पुनेम के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार मुद्दा पुनेम रोज की तरह बुधवार काे भी गाय चराने के लिए जंगल की ओर गया था। इसी दौरान जंगल में उसका सामना भालू से हो गया। युवक कुछ समझ पाता, इससे पहले ही भालू ने उस पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से युवक घबरा गया और अपनी जान बचाने के लिए संघर्ष करने लगा। भालू के हमले में उसके शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को जंगल से बाहर लाया गया और उपचार के लिए अस्पताल में पंहुचाया गया । घटना के बाद पीडिया और आसपास के गांवों में दहशत व्याप्त है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में भालू की मौजूदगी को लेकर जंगल जाने वाले ग्रामीणों को सावधानी बरतने की अपील करने की है। भालू के हमले में घायल मुद्दा पुनेम का उपचार जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे