पुरानी कृषि उपज मंडी परिसर में बनेगा एग्रोमाल, श्यामतराई में विकसित होगी हाईटेक थोक सब्जी मंडी

 


धमतरी, 31 जुलाई (हि.स.)। जिले की कृषि विपणन व्यवस्था को आधुनिक और अधिक व्यवस्थित बनाने की दिशा में पहल करते हुए नवीन कृषि उपज मंडी श्यामतराई में आज पुरानी कृषि उपज मंडी परिसर में प्रस्तावित एग्रोमाल की स्थापना तथा नवीन मंडी परिसर में हाईटेक थोक सब्जी मंडी विकसित करने के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि दवा, कृषि उपकरण, ट्रैक्टर एवं अन्य थोक व्यापारियों के साथ चेम्बर ऑफ कॉमर्स धमतरी के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर अपने सुझाव दिए।

बैठक में नगर पालिका परिषद धमतरी के आयुक्त अरुण कुमार वर्मा, उपसंचालक कृषि मोनेश कुमार साहू, मंडी बोर्ड रायपुर के कार्यपालन अभियंता दिलीप निगम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। चर्चा के दौरान प्रस्तावित एग्रोमॉल में थोक व्यापारियों के लिए दुकानों के आकार, सुव्यवस्थित पार्किंग, आवश्यक अधोसंरचना, यातायात की सुगमता तथा व्यापारिक गतिविधियों के अनुरूप सुविधाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

वहीं, श्यामतराई स्थित नवीन कृषि उपज मंडी में प्रस्तावित हाईटेक थोक सब्जी मंडी की रूपरेखा, आधुनिक सुविधाएं, भंडारण व्यवस्था, लोडिंग-अनलोडिंग और विपणन प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने पर भी मंथन हुआ। बैठक में व्यापारिक संगठनों एवं प्रतिनिधियों से प्राप्त सुझावों को योजनाओं के अंतिम स्वरूप में शामिल करने पर सहमति बनी।

अधिकारियों ने विश्वास जताया कि एग्रोमाल और हाईटेक थोक सब्जी मंडी के विकसित होने से जिले की कृषि विपणन व्यवस्था मजबूत होगी, व्यापारियों को आधुनिक और सुव्यवस्थित व्यावसायिक वातावरण मिलेगा तथा किसानों को अपनी उपज के बेहतर विपणन की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे धमतरी जिले में कृषि आधारित व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा