कलेक्टर के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई, पानी की टंकी को किया गया सुरक्षित
बलरामपुर, 27 अगस्त (हि.स.)।कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के त्वरित संज्ञान से समस्या का शीघ्र निराकरण किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज गुरुवार को विकासखंड वाड्रफनगर के ग्राम पंचायत गोंदला के धोबीपारा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के समीप पानी की टंकी के झुकने की सूचना मिलने पर कलेक्टर ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर के निर्देश पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और पानी की टंकी की स्थिति का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने तत्काल आवश्यक सुधार कार्य कराते हुए टंकी को सुरक्षित किया।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की टीम ने पानी की टंकी के स्ट्रक्चर की जांच की। इसके बाद टंकी को सुरक्षित रूप से सीधा कर स्ट्रक्चर को दुरुस्त किया गया। इससे आंगनबाड़ी केंद्र में आने वाले बच्चों के साथ-साथ स्थानीय ग्रामीणों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो गई।
प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से संभावित दुर्घटना को टालने के साथ ही ग्रामीणों को राहत मिली है।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय