जगदलपुर में 24 अगस्त से नाै सितंबर तक प्रभावित रहेगी जलापूर्ति

 


जगदलपुर, 21 अगस्त (हि.स.)। नगर पालिक निगम जगदलपुर क्षेत्र में नव-निर्मित जलशोधन संयंत्र में नई पाइपलाइन जोड़ने का तकनीकी कार्य किया जाना प्रस्तावित है। इस इंटरकनेक्शन कार्य के कारण शहर के विभिन्न वार्डों और मोहल्लों में 24 अगस्त से 9 सितंबर के बीच निर्धारित तिथियों पर सुबह 10:30 बजे से शाम 5 बजे तक पेयजल आपूर्ति बाधित रहेगी। निगम प्रशासन के अनुसार कार्य की प्रगति को देखते हुए इस समयावधि में आवश्यकतानुसार कमी या वृद्धि की जा सकती है।

आयुक्त नगर पालिक निगम जगदलपुर से शुक्रवार काे मिली जानकारी के अनुसार शटडाउन के पहले चरण में 24 और 25 अगस्त (सोमवार व मंगलवार) को तेतरकुटी, एल.आई.सी. एवं एस.टी./एस.सी. थाना टंकी से जुड़े क्षेत्रों में जलापूर्ति बंद रहेगी, जिसके तहत तेतरकुटी, गैरेज लाइन, अघनपुर, एम.पी.एम. रोड, परपा नाका पंचायत घेरा, धरमपुरा क्रमांक 1 व 2, कंगोली रोड, एल.आई.सी. रोड, महावीर नगर, तिलक नगर, गांधी नगर, गंगानगर और राजेन्द्र नगर की लाइनें प्रभावित होंगी। इसके बाद 29 और 30 अगस्त (शनिवार व रविवार) को इंडस्ट्रियल एरिया और बी.एस.एन.एल. टंकी से जुड़े क्षेत्रों जैसे मदर टेरेसा कॉलोनी, वर्धमान कॉलोनी, डॉ. रिजवी लाइन, साकेत कॉलोनी तथा दण्डकारण्य के आसपास के इलाकों में पानी की सप्लाई रोकी जाएगी।

सितंबर माह की शुरुआत में कार्य को आगे बढ़ाते हुए 02 और 03 सितम्बर (बुधवार व गुरुवार) को शहीद पार्क एवं भंगाराम टंकी क्षेत्र के अंतर्गत लाल बहादुर शास्त्री वार्ड, श्यामाप्रसाद मुखर्जी वार्ड, निर्मल विद्यालय घेरा और वीर सावरकर वार्ड में शटडाउन रहेगा। वहीं 05 और 06 सितम्बर (शनिवार व रविवार) को पावर हाउस टंकी से जुड़े विजय वार्ड, पनारापारा, शिवमंदिर वार्ड, भैरमदेव वार्ड, सदर वार्ड तथा सुभाष वार्ड की टंकी लाइन में पानी का प्रवाह बंद रखा जाएगा। अंतिम चरण में 08 और 09 सितम्बर (मंगलवार व बुधवार) को सिटी ग्राउंड टंकी और पानी टंकी के माध्यम से आने वाले महारानी वार्ड, शांति नगर वार्ड, मदर टेरेसा वार्ड, गुण्डाधुर वार्ड और प्रतापदेव वार्ड के क्षेत्र प्रभावित रहेंगे।

नगर पालिक निगम प्रशासन ने शहर के नागरिकों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए पूर्व में ही आवश्यकतानुसार पेयजल का भंडारण करने सहित पाइपलाइन इंटरकनेक्शन के इस महत्वपूर्ण कार्य को सुचारू रूप से पूर्ण करवाने के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे