कोरबा में बांगो बांध का जलस्तर तेजी से बढ़ा, 71.67% भराव; गेट खोलकर हसदेव नदी में पानी छोड़ने की चेतावनी

 


कोरबा, 22 जुलाई (हि. स.)। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच मिनीमाता बांगो बांध प्रशासन ने वर्षाकाल 2026 को लेकर महत्वपूर्ण अलर्ट जारी किया है। जल संसाधन विभाग के अनुसार बांगो जलाशय का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है और वर्तमान में जलाशय 354.61 मीटर तक पहुंच गया है, जो इसकी कुल क्षमता का 71.67 प्रतिशत है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जलस्तर 359.66 मीटर तक पहुंचने पर बांध के गेट खोलकर हसदेव नदी में पानी छोड़ा जा सकता है।

जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता एस.के. भारती ने आज बुधवार काे बताया कि संभावित जलभराव और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए हसदेव नदी के तटीय और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। साथ ही खनिज खदानों, औद्योगिक इकाइयों, ठेकेदारों तथा अन्य संस्थानों को अपनी चल एवं अचल संपत्तियों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि अचानक बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होती है और किसी प्रकार की जन-धन की हानि होती है तो उसके लिए जल संसाधन विभाग जिम्मेदार नहीं होगा। इसलिए सभी संबंधित विभागों, संस्थानों और ग्रामीणों से समय रहते आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की अपील की गई है।

प्रशासन ने संभावित बाढ़ को देखते हुए बांगो, चर्रा, पोड़ी उपरोड़ा, कोनकोना, लेपरा, टुनियाकछार, पाथा, गाड़ाघाट, छिनमेर, कछार, कलमीपारा, जूनापारा, तिलाईडांड, डुगुपारा, टुंगुमांड़ा, छिर्रापारा, मछलीबाटा, कोरियाघाट, धनगांव, डोंगाघाट, नरमदा, औराकछार, सोनगुड़ा, जेलगांव, झाबू, नवागांव, तिलसाभाटा, लोतलोता, स्याहीमुड़ी, कोडा, हथमार, झोरा और सिरकीकला सहित आसपास के अन्य गांवों में मुनादी कर लोगों को सतर्क करने के निर्देश दिए हैं। स्थानीय प्रशासन को भी नदी किनारे रहने वाले लोगों पर विशेष नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।

जल संसाधन विभाग के अनुसार फिलहाल बांगो जलाशय से विद्युत संयंत्रों को पानी की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है। जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है और मौसम की स्थिति तथा जलभराव के अनुसार आगे का निर्णय लिया जाएगा। यदि जलस्तर निर्धारित सीमा तक पहुंचता है तो नियंत्रित तरीके से बांध के गेट खोलकर हसदेव नदी में पानी छोड़ा जाएगा।

इस बीच जिले में मानसून भी सक्रिय बना हुआ है। 1 जून से 21 जुलाई 2026 तक कोरबा जिले में औसतन 409.7 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई है। सबसे अधिक 539.5 मिलीमीटर बारिश दर्री क्षेत्र में दर्ज हुई है, जबकि सबसे कम 267.1 मिलीमीटर वर्षा करतला में हुई। इसके अलावा दीपका में 452 मिमी, पाली में 480.2 मिमी, पसान में 467.3 मिमी तथा कटघोरा और पोड़ी उपरोड़ा में 439-439 मिमी बारिश दर्ज की गई है।

लगातार हो रही बारिश और बांगो जलाशय में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने, आधिकारिक सूचनाओं का पालन करने और नदी-नालों के आसपास अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है। यदि बांध के गेट खोले जाते हैं तो हसदेव नदी के किनारे बसे गांवों में जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है, इसलिए प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को पहले से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी