बीजापुर में इंद्रावती नदी का जलस्तर बढ़ा, भोपालपटनम में वार्निंग लेवल से हुआ पार
बीजापुर, 30 जुलाई (हि.स.)। बीजापुर जिले के भोपालपटनम क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते इंद्रावती नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। नदी ने वार्निंग लेवल भी पार कर दिया है, जिससे प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। जलस्तर में लगातार हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए प्रशासन नजर बनाए हुए है।
बारिश का सिलसिला लगातार जारी रहने पर भोपालपटनम और आस-पास के निचले क्षेत्रों में पानी प्रवेश कर सकता है। इससे जनजीवन प्रभावित होने के साथ-साथ संपर्क मार्गों पर भी असर पड़ेगा। प्रशासन ने नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। लोगों को अनावश्यक रूप से नदी के किनारे नहीं जाने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। राहत एवं बचाव दलों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
वहीं दूसरी ओर भोपालपटनम ब्लॉक का चंदनगिरी गांव पूरी तरह पानी से घिरकर टापू में तब्दील हो गया है। गांव के नदीपारा मोहल्ले के चारों ओर बाढ़ का पानी भर जाने से लोगों के सामने आवागमन, भोजन, पेयजल और जरूरी सुविधाओं का संकट गहराने लगा है। ग्रामीणों का कहना है कि बाढ़ के कारण घरों में पानी घुसने का खतरा बना हुआ है। कई परिवार सुरक्षित स्थानों की तलाश में हैं, लेकिन डुबान क्षेत्रों में प्रशासन द्वारा राहत शिविर नहीं बनाए जाने से उन्हें स्कूल भवनों में शरण लेने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
जिला मुख्यालय बीजापुर में राहत शिविर बनाया गया है, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि वहां बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों के बजाय कलेक्टर कार्यालय के कर्मचारियों का कब्जा है। इससे वास्तविक जरूरतमंद लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे