पति की स्मृति में खोला प्याऊ, राहगीरों को मिल रही राहत
धमतरी, 28 मार्च (हि.स.)। तेज गर्मी के बीच मानव सेवा की मिसाल पेश करते हुए रत्नाबांधा रोड स्थित पीडब्ल्यूडी कार्यालय के सामने शीतल जल प्याऊ का शुभारंभ किया गया। यह सेवा कार्य विदेश में निवासरत सूर्या बेन सेठ द्वारा अपने पति स्व. मनहर भाई सेठ की स्मृति में लगातार पांचवें वर्ष प्रारंभ किया गया है, जिससे राहगीरों को ठंडे और स्वच्छ पानी की राहत मिल रही है।
प्याऊ का विधिवत उद्घाटन बिपिन भाई दोशी, रसीला बेन एवं अरविंद दोशी ने किया। संचालन की जिम्मेदारी संभाल रहीं डा सरिता दोशी ने बताया कि यह सेवा लांस एंजेल्स (अमेरिका) में निवासरत सूर्या बेन सेठ द्वारा उनकी धमतरी निवासी मित्र और पूर्व विधायक स्व. जयाबेन दोशी की सुपुत्री कृष्णा बेन वलिया के सुझाव पर शुरू की गई थी, जो अब निरंतर परंपरा बन चुकी है। उद्घाटन अवसर पर पराग दोशी, अशोक खंडेलवाल, सुमन शर्मा, सुलेखा जोशी, राधिका जोशी, सुभाष मलिक, आनंद जेस, चुनेश्वर साहू, राजा साहू, रिजवान अली और घनश्याम साहू मौजूद रहे। सेवा परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सूर्या बेन सेठ के सुपुत्र केतन सेठ ने भी इसे निरंतर जारी रखने की बात कही।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा