सूरजपुर : जल संरक्षण कार्यों से किसानों को मिली सिंचाई की सुविधा

 


सूरजपुर, 30 जुलाई (हि.स.)। विकसित भारत जी-राम-जी योजना के तहत बनाए गए जल संरक्षण कार्यों से भैयाथान विकासखंड के किसानों को सिंचाई की बड़ी राहत मिली है। आज गुरुवार मानसून की बारिश के बाद तालाब, डबरी और अन्य जल संरचनाएं पानी से भर गई हैं, जिससे खेती के साथ ग्रामीणों की आजीविका भी मजबूत हुई है।

योजना के तहत तालाब गहरीकरण, मिट्टी बांध, आजीविका डबरी सहित विभिन्न जल संरक्षण कार्य कराए गए। पहले वर्षा का अधिकांश पानी बह जाता था और किसानों को धान की रोपाई के समय पानी की कमी का सामना करना पड़ता था। अब इन जल संरचनाओं में वर्षा जल का संग्रह होने से समय पर सिंचाई उपलब्ध हो रही है।

किसानों का कहना है कि योजना के तहत निर्माण कार्यों से उन्हें स्थानीय स्तर पर रोजगार भी मिला और अब उन्हीं जल संरचनाओं का लाभ खेती में मिल रहा है। आजीविका डबरियों में संचित पानी का उपयोग धान की रोपाई और अन्य कृषि कार्यों में किया जा रहा है, जिससे खेती आसान हुई है और बेहतर उत्पादन की उम्मीद बढ़ी है।

योजना के तहत किए गए जल संरक्षण कार्य जिले में रोजगार, सिंचाई और कृषि को मजबूती देने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव का आधार बन रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय