वाड्रफनगर में 40 लीटर महुआ शराब और 90 किलो लाहन जब्त, एक के खिलाफ मामला दर्ज
बलरामपुर, 24 अक्टूबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग की कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में शनिवार को वाड्रफनगर आबकारी वृत्त की टीम ने ग्राम चलगली में कार्रवाई करते हुए 40 बल्क लीटर हाथभट्टी महुआ शराब और 90 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया।
आबकारी विभाग के अनुसार, ग्राम चलगली निवासी रामजनम काशी (54) के कब्जे से शराब और लाहन बरामद किया गया। उसके विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क)(च), 34(2) और 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश और जिला आबकारी अधिकारी शशांक शर्मा के मार्गदर्शन में अवैध कच्ची शराब के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इस मामले की विवेचना आबकारी उपनिरीक्षक अभिषेक राजवाड़े कर रहे हैं।
कार्रवाई में आबकारी विभाग के उपनिरीक्षक, मुख्य आरक्षक, आरक्षक, महिला नगर सैनिक और वाहन चालकों की भूमिका रही। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय