जिले में दो सरपंच व 20 पंच पदों के लिए एक जून को होगा मतदान
धमतरी, 20 मई (हि.स.)। त्रि-स्तरीय पंचायत आम उप निर्वाचन 2026 के तहत धमतरी जिले में दो सरपंच और 20 पंच पदों के लिए एक जून को मतदान होगा। इसके मद्देनजर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी, स्थानीय निर्वाचन अबिनाश मिश्रा ने मतदान दिवस एक जून को संबंधित ग्राम पंचायत क्षेत्रों में सार्वजनिक एवं सामान्य अवकाश घोषित किया है।
यह आदेश राज्य शासन सामान्य प्रशासन विभाग रायपुर के निर्देश एवं राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्वाचन कार्यक्रम के तहत जारी किया गया है। जारी आदेशानुसार जिन ग्राम पंचायतों में सरपंच एवं पंच पदों के लिए मतदान होना है, वहां स्थित शासकीय संस्थानों एवं कार्यालयों में अवकाश रहेगा। इसमें धमतरी, नगरी, कुरूद और मगरलोड जनपद पंचायत क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतें शामिल हैं। धमतरी जनपद के ग्राम पंचायत लीलर (आश्रित ग्राम बागोडार) में सरपंच पद तथा बिरेतरा के वार्ड क्रमांक 13 एवं मोंगरागहन के वार्ड क्रमांक- नौ में पंच पद के लिए मतदान होगा। वहीं मगरलोड जनपद पंचायत के मोतिमपुर में सरपंच एवं पंच दोनों पदों के लिए चुनाव कराया जाएगा। खड़मा में वार्ड क्रमांक-नौ में पंच पद के लिए मतदान किया जाएगा।
इसी तरह कुरूद जनपद पंचायत के ग्राम चरोटा (लोहारपथरा) के वार्ड क्रमांक-11, कुहकुहा के वार्ड क्रमांक चार, गोबरा के वार्ड- आठ, तर्रागोंदी के वार्ड क्रमांक नौ , सिवनीकला के वार्ड क्रमांक- नौ, सेमरा बी के वार्ड क्रमांक-20, जीजामगांव के वार्ड क्रमांक पांच और चर्रा के वार्ड क्रमांक-छह में पंच पद के लिए मतदान होगा। नगरी जनपद पंचायत के ग्राम बनबगौद के वार्ड क्रमांक- छह, करैहा के वार्ड क्रमांक- नौ, घोटगांव के वार्ड क्रमांक-पांच, सिरसिदा के वार्ड क्रमांक- एक, बिरनासिल्ली (आश्रित ग्राम बहीगांव) के वार्ड क्रमांक-दो, पांच और आठ तथा कट्टीगांव (आश्रित ग्राम बरौली) के वार्ड क्रमांक नौ में पंच पदों के लिए मतदान कराया जाएगा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्थानीय निर्वाचन अबिनाश मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा