बलरामपुर में 12 नवंबर को जारी होगी प्रारंभिक मतदाता सूची, 11 दिसंबर तक लिए जाएंगे दावे-आपत्ति

 

बलरामपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)।बलरामपुर जिले में आगामी मतदाता सूची को अद्यतन करने के लिए फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्यक्रम घोषित किया गया है। भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार शुक्रवार को जारी कार्यक्रम के तहत अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 निर्धारित की गई है। इस प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची से संबंधित दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर मिलेगा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 2 नवंबर 2026 तक मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद 12 नवंबर को मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन किया जाएगा। प्रारंभिक सूची प्रकाशित होने के बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी।

निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार, मतदाता सूची से संबंधित प्राप्त दावे और आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद सभी निर्धारित प्रक्रियाएं पूरी कर 4 जनवरी 2027 को निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत मतदाता सूची को निर्धारित अर्हता तिथि के आधार पर अद्यतन किया जाएगा। जिले के मतदाताओं के लिए प्रारंभिक प्रकाशन के बाद सूची में दर्ज विवरण की जांच करने और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दावा या आपत्ति प्रस्तुत करने का अवसर रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय