कोरबा: बालको मिनीमाता स्कूल के पास कार और हाईवा की जबरदस्त टक्कर, बाल-बाल बचे कंपनी कर्मी
कोरबा,16 जुलाई (हि.स.)। कोरबा में बालको थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। बालको मिनीमाता स्कूल के समीप कार और खड़ी हाईवे के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसे में बालको कंपनी के कर्मी बाल-बाल बच गए, लेकिन उनकी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और आक्रोश भी देखा गया। जानकारी के अनुसार बालको कंपनी में कार्यरत कुछ कर्मचारी ड्यूटी पर जा रहे थे। मिनीमाता स्कूल के पास पहुंचते ही उनकी कार अचानक रॉन्ग साइड पर खड़ी एक हाईवे से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। गनीमत रही कि कार में सवार बालको कर्मी को गंभीर चोट नहीं आई और वह सुरक्षित बच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया था। लोगों ने फौरन कर्मी को बाहर निकाला और राहत की सांस ली। घटना के बाद बालको कर्मी ने आरोप लगाया कि यदि हाईवे रॉन्ग साइड पर खड़ी नहीं होती तो यह हादसा नहीं होता। उनका कहना था कि सुबह के समय स्कूल और ड्यूटी के लिए आवागमन ज्यादा रहता है। ऐसे में रॉन्ग साइड पर खड़ा वाहन किसी बड़े हादसे को न्योता दे रहा था।
स्थानीय लोगों में भी इस बात को लेकर आक्रोश था कि हाईवे को गलत तरीके से सड़क किनारे खड़ा किया गया था। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर पहले भी लापरवाही के कारण छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं। प्रशासन को चाहिए कि ऐसे वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में कोई अनहोनी न हो।
सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार और हाईवे को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही से वाहन खड़ा करने की बात सामने आ रही है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि दोनों पक्षों के बयान लिए जाएंगे और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जाएंगे। नियमों के उल्लंघन पर संबंधित वाहन चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घायल न होने के कारण किसी को अस्पताल नहीं ले जाना पड़ा। लेकिन हादसे के बाद कुछ देर तक मार्ग पर आवागमन बाधित रहा।
पुलिस ने यातायात सुचारू कराया। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूल और कंपनी क्षेत्र के आसपास नो पार्किंग और ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं पर रोक लग सके।
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी