केशलूर नेशनल हाईवे में एक दिसम्बर को ग्रामीण करेंगे चक्काजाम

 


जगदलपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। बस्तर जिले के केशलूर पंचायत वर्षों से पानी की समस्या से जूझ रहे हैं, लगातार अनदेखी और आश्वासन के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से आहत ग्रामीणों ने ग्राम सभा में पारित निर्णयानुसार केशलूर नेशनल हाईवे में एक दिसम्बर को चक्काजाम की घाेषणा कर दिया है।

केशलूर के ग्रामीणाें का कहना है कि यह लड़ाई किसी व्यक्ति, संगठन या राजनीतिक दल के खिलाफ नहीं, बल्कि आम जनता की मूलभूत जरूरत और पानी के अधिकार की लड़ाई है।

केशलूर के समस्त ग्रामवासियाें का कहना है कि जल जीवन मिशन के तहत शुरू किया गया कार्य अधूरा रहने तथा जिम्मेदार विभागों की उदासीनता के चलते ग्रामीणों को इस योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस गंभीर समस्या के निराकरण के लिए ग्रामीणों द्वारा बीते दिनों संबंधित अधिकारियों को आवेदन सौंपकर समस्या से अवगत कराया गया था। इस दौरान अधिकारियों ने समस्या के समाधान के लिए 15 दिनों का समय मांगा था। लेकिन निर्धारित 15 दिनों की अवधि बीत जाने के बाद भी धरातल पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई और न ही ग्रामीणों की समस्या का समाधान हो पाया। लगातार अनदेखी और आश्वासन के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से आहत ग्रामीणों ने ग्रामसभा में चर्चा के बाद एक दिसम्बर को केशलूर नेशनल हाईवे पर चक्काजाम करने का निर्णय लिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे