डोंगाकोहरौद सड़क निर्माण की मांग पर ग्रामीणों का चक्काजाम, पामगढ़-शिवरीनारायण मार्ग बाधित
जांजगीर-चांपा, 3 जुलाई (हि. स.)। डोंगाकोहरौद गांव में सड़क निर्माण की मांग को लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों ने पामगढ़-शिवरीनारायण-विलासपुर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों ने आज सुबह 10 बजे से अपनी मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया, जिससे मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ।
ग्रामीणों द्वारा जिला कलेक्टर एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पामगढ़ को पूर्व में सौंपे गए सूचना पत्र में बताया गया था कि डोंगाकोहरौद में सड़क निर्माण की मांग को लेकर पिछले तीन दिनों से आमरण अनशन किया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन इस आंदोलन को लेकर पूरी तरह उदासीन बना हुआ है और समस्या के समाधान के लिए अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
सूचना पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि आंदोलन स्थल पर बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित की जा रही है और पर्याप्त चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध नहीं कराई गई है। इससे ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ गई है।
इसी के विरोध में शुक्रवार को डोंगाकोहरौद के ग्रामीणों ने पामगढ़-शिवरीनारायण मुख्य मार्ग पर चक्काजाम शुरू कर दिया। आंदोलनकारियों का कहना है कि जब तक सड़क निर्माण की मांग पर स्पष्ट निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
चक्काजाम के कारण मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति सामान्य कराने का प्रयास किया। समाचार लिखे जाने तक आंदोलन जारी था।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT