मरौद में हाईवे की रोड क्रासिंग बंद करने पहुंचे कर्मचारी, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
धमतरी, 26 अक्टूबर (हि.स.)। नेशनल हाइवे-30 पर ग्राम मरौद में रोड क्रासिंग बंद करने पहुंचे कर्मचारियों के विरोध में ग्रामीणों ने सोमवार को सड़क जाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि क्रासिंग बंद होने से खेती-किसानी के साथ रोजमर्रा के आवागमन में भी परेशानी होगी। गांव की करीब 80 प्रतिशत कृषि भूमि सड़क के दूसरी ओर है।
ग्राम मरौद के सरपंच रमा सिन्हा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने धमतरी-रायपुर मार्ग पर विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि रोड क्रासिंग बंद होने से गांव के लोगों को कोड़ेबोड़ की ओर से घूमकर करीब दो से ढाई किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी। वहीं टोल प्लाजा की ओर से घूमकर आने पर भी करीब 700 मीटर का अतिरिक्त रास्ता तय करना होगा। इससे किसानों के साथ अन्य ग्रामीणों को भी परेशानी होगी।
ग्रामीण किशुन सिन्हा, गोकुल राम, ज्ञानिक साहू, सोमप्रकाश और हेमलाल ने बताया कि सड़क के एक ओर गांव की करीब 80 प्रतिशत कृषि भूमि है। जिला सहकारी बैंक, उप स्वास्थ्य केंद्र, पशु औषधालय, शीतला मंदिर, बांधा और दर्री तालाब भी उसी ओर स्थित हैं। ऐसे में क्रासिंग बंद होने से इन स्थानों तक पहुंचना मुश्किल होगा। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि वे रोड क्रासिंग बंद नहीं होने देंगे।
सूचना मिलने पर कुरुद थाना प्रभारी कमलेश ठाकुर और बिरेझर चौकी प्रभारी समीर तिवारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाइश देते हुए कहा कि नेशनल हाइवे के कर्मचारी रोड क्रासिंग बंद नहीं करेंगे। इसके बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया और मार्ग पर आवागमन सामान्य हो गया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा