ग्राम महंत के मां चंडी दाई मंदिर में फिर सजा मां का दरबार, चोरी गए मुकुट-आभूषणों की हुई वापसी

 




जांजगीर-चांपा, 17 अगस्त (हि.स.)। जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम महंत स्थित प्रसिद्ध मां चंडी दाई मंदिर में सोमवार को श्रद्धा, आस्था और उत्साह का माहौल देखने को मिला। मंदिर से चोरी हुए मां चंडी दाई के चांदी के मुकुट और सोने के आभूषणों की बरामदगी के बाद विधिवत शुद्धिकरण कराया गया और पूरे धार्मिक विधि-विधान के साथ मां का पुनः भव्य श्रृंगार किया गया। इस अवसर पर भरम बाबा मंदिर से मां चंडी दाई मंदिर तक पुलिस बैंड के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई।

कुछ दिन पहले ग्राम महंत के मां चंडी दाई मंदिर से मां के सिर पर सजे चांदी के मुकुट और सोने के आभूषण चोरी हो गए थे। घटना के बाद जांजगीर-चांपा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की गई सामग्री बरामद कर ली। पुलिस की इस कार्रवाई से ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में सुरक्षा को लेकर भरोसा मजबूत हुआ।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में बरामद मुकुट और आभूषणों को न्यायालय से सुपुर्दनामा में प्राप्त किया गया। इसके बाद मंदिर में विधिवत शुद्धिकरण कराया गया और धार्मिक परंपराओं के अनुसार मां चंडी दाई का दोबारा श्रृंगार किया गया। इस दौरान एसडीओपी चांपा लौकेश बंसल, डीएसपी अजाक सतरूपा तारम, नवागढ़ थाना प्रभारी मणिकांत पाण्डेय, गणमान्य नागरिक देवेश सिंह, पत्रकारों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु मौजूद रहे।

मां चंडी दाई के पुनः श्रृंगार से पहले भरम बाबा मंदिर से मां चंडी दाई मंदिर तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। पुलिस बैंड की मधुर धुनों के बीच श्रद्धालु और ग्रामीण उत्साह के साथ शोभायात्रा में शामिल हुए। रास्तेभर मां चंडी दाई के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, पत्रकारों और ग्रामीणों की मौजूदगी ने आयोजन को विशेष बना दिया।

मंदिर में चोरी की घटना के बाद ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में चिंता का माहौल था। पुलिस द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए मुकुट व आभूषणों की बरामदगी के बाद लोगों में राहत देखने को मिली। अब मां का पुनः श्रृंगार होने के साथ मंदिर में श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह भी लौट आया है।

इसी कार्यक्रम के दौरान जांजगीर-चांपा पुलिस ने सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल भी की। ग्राम महंत की सक्रिय महिलाओं को जोड़कर महिला कमांडो टीम का गठन किया गया। यह टीम ग्रामीण क्षेत्र में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा पुलिस और आम नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में सहयोग करेगी।

जांजगीर-चांपा पुलिस की इस पहल से ग्रामीण महिलाओं की सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ गांव में सुरक्षा और जागरूकता का वातावरण मजबूत होने की उम्मीद है। मां चंडी दाई मंदिर में चोरी के बाद पुलिस की कार्रवाई, चोरी गए आभूषणों की बरामदगी और पुनः श्रृंगार के आयोजन ने पुलिस और ग्रामीणों के बीच विश्वास को और मजबूत किया है।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT