पुलिस ग्राउंड खोखरा में 7 अक्टूबर को होगी विकसित भारत संकल्प सभा, प्रधानमंत्री मोदी वर्चुअली करेंगे संबोधित

 

जांजगीर-चांपा, 6 अक्टूबर (हि. स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों की जनसेवा के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत 7 अक्टूबर को जांजगीर-चांपा में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन किया जाएगा। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम पुलिस ग्राउंड, खोखरा जांजगीर में सुबह 9 बजे से शुरू होगा। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्यसभा सांसद नितिन नवीन वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री के संबोधन से पहले कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न सांस्कृतिक और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला स्तरीय आयोजन में कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, छत्तीसगढ़ राज्य बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।

कार्यक्रम की खास आकर्षण 76×76 फीट क्षेत्र में तैयार की जा रही ‘सेवा के रंग’ की भव्य रंगोली होगी। इसके माध्यम से सेवा, समर्पण, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प को आकर्षक तरीके से प्रदर्शित किया जाएगा।

प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ निकाली जाएगी। यात्रा पुलिस ग्राउंड खोखरा से शुरू होकर कचहरी चौक, बीटीआई चौक, नेताजी चौक और शारदा चौक होते हुए वापस कचहरी चौक स्थित सांस्कृतिक भवन पहुंचेगी। यात्रा के जरिए सेवा, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT