पशुपालकों को सस्ती जेनेरिक दवाएं दिलाने की बड़ी पहल, धमतरी में खुलेगा पहला पशु औषधि विक्रय केंद्र

 




धमतरी, 07 अगस्त (हि.स.)। जिले के पशुपालकों को अब गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक पशु औषधियां सस्ती दरों पर स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू हो गई है। पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय, भारत सरकार की लाइव स्टॉक हेल्थ एंड डिजीज कंट्रोल प्रोग्राम के अंतर्गत विकासखंड धमतरी में पहले पशु औषधि विक्रय केंद्र की स्थापना की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है।

केंद्र के लिए प्राप्त आवेदन के आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन पूरा कर लिया गया है। संचालनालय पशु चिकित्सा सेवाएं, छत्तीसगढ़ के निर्देशों के तहत पोर्टल पर आवेदन स्वीकृत होने के बाद छह अगस्त को उपसंचालक, पशु चिकित्सा सेवाएं द्वारा आवेदक देवेश कुमार सिन्हा, सिन्हा कृषि केंद्र (पीएम किसान समृद्धि केंद्र), ग्राम कोलियरी तथा फार्मासिस्ट प्रतीक वाटवानी की उपस्थिति में दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ में अब तक दस्तावेज सत्यापन के चरण तक पहुंचने वाला यह एकमात्र स्वीकृत आवेदन है, जिससे धमतरी को इस योजना में अग्रणी स्थान मिला है। केंद्र शुरू होने के बाद पशुपालकों को जेनेरिक पशु औषधियां उचित और किफायती दरों पर स्थानीय स्तर पर मिल सकेंगी। इससे उपचार पर होने वाला खर्च घटेगा, समय पर दवाइयां उपलब्ध होंगी और दूर-दराज के क्षेत्रों में जाने की आवश्यकता भी कम होगी।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि जिले में बेहतर और सुलभ पशु चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि पशुधन ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसानों की आय का मजबूत आधार है, इसलिए दवाइयों की सहज उपलब्धता पशुपालकों की आय और आजीविका को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने संबंधित विभाग को निर्धारित मानकों के अनुरूप केंद्र की स्थापना की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए हैं, ताकि अधिक से अधिक पशुपालकों को इसका लाभ मिल सके। यह पहल जिले में पशुधन स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, किफायती और प्रभावी बनाने के साथ-साथ पशुपालकों में पशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा