वीरांगना शौर्य उत्सव में दिखेगा महिला शक्ति, साहस और संस्कृति का संगम

 


- 15 एवं 16 नवंबर को होंगे ऑडिशन, 20 नवंबर को ग्रैंड फिनाले

रायपुर, 10 नवंबर (हि. स.)। जिला प्रशासन रायपुर द्वारा राजधानी में ‘वीरांगना शौर्य उत्सव – तिरंगा शक्ति फेस्ट’ का आयोजन किया जा रहा है।

इस उत्सव में जिले की महिलाओं एवं बालिकाओं को अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर मिलेगा।

इस आयोजन का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, उनकी छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा कला एवं संस्कृति के माध्यम से महिला शक्ति को प्रोत्साहित करना है।

तिरंगा शक्ति फेस्ट के अंतर्गत गायन, नृत्य, वाद्ययंत्र वादन, नाटक और चित्रकला जैसी पांच विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें महिलाएं एवं बालिकाएं अपनी कलात्मक प्रतिभा और रचनात्मक कौशल का प्रदर्शन कर सकेंगी।

प्रतियोगिताओं के लिए ऑडिशन 15 एवं 16 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक कला केंद्र, इंटरनेशनल स्विमिंग पूल के पीछे, जी.ई. रोड, रायपुर में आयोजित किए जाएंगे। इच्छुक महिलाएं एवं बालिकाएं निर्धारित तिथियों पर पहुंचकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगी।

वीरांगना शौर्य उत्सव का ग्रैंड फिनाले 20 नवंबर 2026 को दोपहर 12 बजे से दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, जी.ई. रोड, रायपुर में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न कलात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से महिला शक्ति, साहस और सांस्कृतिक विविधता की झलक देखने को मिलेगी।

कलेक्टर डॉ गौरव सिंह ने जिले की महिलाओं एवं बालिकाओं से अधिक से अधिक संख्या में इस उत्सव में सहभागिता कर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने की अपील की है। यह आयोजन केवल महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर