55 प्रतिशत दिव्यांगता के बावजूद 16 हजार किमी की साइकिल यात्रा, कलेक्टर-एसपी ने किया सम्मानित

 


बलरामपुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति और सामाजिक सद्भाव का संदेश लेकर देशव्यापी साइकिल यात्रा पर निकले आगरा निवासी वासु राइडर का आज शनिवार को बलरामपुर पहुंचने पर सम्मान किया गया। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने उन्हें प्रशंसा पत्र और स्मृति चिह्न भेंट कर उनके प्रयास की सराहना की।

हाथ और पैर से 55 प्रतिशत दिव्यांग होने के बावजूद वासु ने 2 जून 2025 को तिरंगे के साथ अपनी यात्रा शुरू की थी। अब तक वे करीब 16 हजार किलोमीटर की दूरी साइकिल से तय कर चुके हैं। “स्टाॅप पाेलूशन सेव अर्थ” के संदेश के साथ उन्होंने राजस्थान, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, उत्तराखंड, मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश के सभी 75 जिलों के साथ नेपाल की यात्रा भी की है।

यात्रा के दौरान वासु प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों से संवाद कर रहे हैं। वे विशेष रूप से युवाओं को छोटी दूरी के लिए साइकिल या पैदल चलने तथा पर्यावरण संरक्षण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उनकी देशव्यापी साइकिल यात्रा वर्ष 2028 में पूरी होने की संभावना है।

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने कहा कि वासु का साहस और समर्पण दृढ़ संकल्प की मिसाल है। पर्यावरण संरक्षण और युवाओं को नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने की उनकी पहल समाज के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने वासु के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय