बलरामपुर : वंदे मातरम के सामूहिक गायन से गूंजा जिला कार्यालय
बलरामपुर, 10 अगस्त (हि.स.)। संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आज सोमवार को समय-सीमा की बैठक की शुरुआत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के सामूहिक गायन से हुई। जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में हर घर तिरंगा अभियान, स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों, सीएम हेल्पलाइन, सड़क व्यवस्था और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
हर घर तिरंगा अभियान की समीक्षा करते हुए जिला पंचायत सीईओ ने कहा कि 17 अगस्त तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने नागरिकों को घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रगीत वंदे मातरम के सामूहिक गायन के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।
13 अगस्त को होगा फाइनल रिहर्सल
स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं 12 अगस्त तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। जिला मुख्यालय बलरामपुर में 15 अगस्त को होने वाले मुख्य समारोह का फाइनल रिहर्सल 13 अगस्त को सुबह 8.30 बजे पुलिस ग्राउंड में होगा। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को रिहर्सल में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए।
बारिश में सड़कें रहें चलने योग्य
सड़क निर्माण एवं संधारण एजेंसियों की समीक्षा करते हुए जिला पंचायत सीईओ ने बारिश के कारण खराब हुई सड़कों और गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजनों के सुरक्षित और सुगम आवागमन में किसी तरह की बाधा नहीं आनी चाहिए। प्रमुख और ग्रामीण सड़कों पर आवागमन बाधित न हो, इसके लिए मौके पर जाकर स्थिति की निगरानी करने और आवश्यक तात्कालिक व्यवस्था करने को कहा गया।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का हो गुणवत्तापूर्ण निराकरण
सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को लंबित शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने नियमित मॉनिटरिंग और फॉलोअप के जरिए शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए परेशानी न हो।
पारस पोर्टल और प्राथमिकता वाले कार्यों की समीक्षा
बैठक में पारस पोर्टल की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिला पंचायत सीईओ ने अधिकारियों को पोर्टल पर दर्ज प्राथमिकता वाले कार्यों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने वीबी-जी रामजी के तहत ग्राम पंचायतों में कार्य, एग्रीस्टैक पंजीयन और डीएससी सहित अन्य प्राथमिकता वाले कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान में पात्र परिवारों को मिलेगा योजनाओं का लाभ
सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान की समीक्षा करते हुए जिला पंचायत सीईओ ने कहा कि अभियान के तहत 31 योजनाओं से पात्र परिवारों को लाभान्वित किया जाना है। उन्होंने कोई भी पात्र परिवार शासन की योजनाओं से वंचित न रहे, इसके लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जननी सुरक्षा योजना, टीकाकरण, एएनसी पंजीयन, जाति एवं निवास प्रमाण-पत्र तथा मतदाता पहचान पत्र से संबंधित कार्यों में भी तेजी लाने को कहा गया।
आयुष्मान कार्ड में जिले का प्रदर्शन बेहतर
आयुष्मान कार्ड और वय वंदन कार्ड की प्रगति की समीक्षा के दौरान बताया गया कि तीन दिवसीय महाअभियान के माध्यम से जिले ने आयुष्मान कार्ड बनाने के कार्य में उल्लेखनीय प्रगति करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया है। जिला पंचायत सीईओ ने नियमित मॉनिटरिंग, फॉलोअप और विभागीय समन्वय के जरिए प्रदर्शन को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में समय-सीमा के प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की गई। लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण और न्यायालयीन प्रकरणों में गंभीरता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर कलेक्टर आर. एस. लाल, चेतन बोरघरिया, प्रमोद गुप्ता सहित अनुविभागीय अधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय