भोपालपट्टनम एवं भैरमगढ़ नगर पंचायत के नगरीय निकाय चुनावी गतिविधियां तेज
बीजापुर, 24 सितंबर (हि.स.)। जिले के भोपालपट्टनम और भैरमगढ़ नगर पंचायत क्षेत्रों में आगामी नगरीय निकाय चुनावों को लेकर भाजपा-कांग्रेस की राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भोपालपट्टनम नगर पंचायत में इस बार अध्यक्ष पद को लेकर भाजपा में दावेदारों की संख्या चर्चा का विषय बनी हुई है।
स्थानीय स्तर पर करीब 15 नामों की दावेदारी की चर्चा है, हालांकि भाजपा के किसी वरिष्ठ नेता या अधिकृत पर्यवेक्षक की ओर से किसी भी नामों की पुष्टि नहीं की गई है। भोपालपट्टनम नगर पंचायत में कुल 15 वार्ड हैं। स्थानीय राजनीतिक चर्चाओं के अनुसार पिछले चुनाव में सभी 15 वार्डों में कांग्रेस के पार्षद निर्वाचित हुए थे, और नगर पंचायत अध्यक्ष का पद भी कांग्रेस के पास रहा। ऐसे में आगामी चुनाव में भाजपा का विशेष ध्यान भोपालपट्टनम नगर पंचायत दिया जा रहा है। दूसरी ओर भैरमगढ़ में भाजपा और कांग्रेस के बीच स्थिति अपेक्षाकृत करीबी मुुकाबला माना जा रहा है। नगर पंचायत चुनावों को लेकर भाजपा संगठन की ओर से बैठकों और राजनीतिक गतिविधियों का दौर जारी है।
नगरीय निकाय चुनावों काे लेकर भाजपा के प्रभारी मंत्री सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री भी चुनावी तैयारियों पर नजर रखे हुए हैं। हालांकि उम्मीदवाराें के नाम और अध्यक्ष पद के लिए अधिकृत चयन को लेकर अभी पार्टी की ओर से औपचारिक घोषणा नहीं हुई है। भोपालपट्टनम नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भाजपा की ओर से स्थानीयस्तर पर यालम वेंकट, ऊगेन्द्र वासम, राकेश केतारफ, रिया यालम और निर्मला आत्रम सहित कई अन्य नामों की चर्चा है। वहीं कांग्रेस की ओर से अध्यक्ष पद के संभावित दावेदारों के रूप में कामेश्वर गौतम और अरुण वासम के नाम स्थानीयस्तर पर चर्चा में बताए जा रहे हैं। हालांकि कांग्रेस की ओर से भी इन नामों को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा सामने नहीं आई है। इस बार मतदाताओं के रुख और वार्डवार समीकरणों पर सभी राजनीतिक दलों की नजर रहेगी। फिलहाल भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों में उम्मीदवाराें को लेकर मंथन और चर्चाओं का दौर जारी है। अधिकृत उम्मीदवाराें की घोषणा के बाद ही तस्वीर स्पष्ट होगी कि अध्यक्ष पद की दौड़ में कौन-कौन से चेहरे चुनावी मैदान में उतरते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे