जिला अस्पताल के उन्नयन को मिली रफ्तार, जीवनदीप समिति ने विकास कार्यों पर लगाई मुहर
धमतरी, 02 अक्टूबर (हि.स.)। जिला चिकित्सालय धमतरी में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में जीवनदीप समिति की सामान्य सभा की बैठक शुक्रवार को आयोजित हुई।
प्रभारी मंत्री टंक राम वर्मा की उपस्थिति में हुई बैठक में अस्पताल की अधोसंरचना मजबूत करने, स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाने और मरीजों व उनके परिजनों की सुविधाओं में विस्तार से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में अस्पताल परिसर के उद्यान क्षेत्र के विकास एवं सौंदर्यीकरण, लॉन्ड्री कक्ष के विकास, आंतरिक सड़कों के सीमेंट-कांक्रीट निर्माण तथा पार्किंग शेड के विस्तार के प्रस्ताव पारित किए गए। उद्यान क्षेत्र के विकास से अस्पताल परिसर में उपलब्ध स्थान का बेहतर उपयोग करने के साथ मरीजों और उनके परिजनों के लिए अधिक सुविधाजनक वातावरण तैयार करने पर जोर दिया गया।
वहीं लॉन्ड्री कक्ष के विकास को अस्पताल की स्वच्छता और संक्रमण नियंत्रण व्यवस्था को मजबूत करने से जोड़कर देखा गया। आंतरिक सड़कों के सीमेंट-कांक्रीट निर्माण से परिसर में आवागमन सुगम होगा तथा मरीजों, परिजनों और अस्पताल के वाहनों को आवाजाही में सुविधा मिलेगी। पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए पार्किंग शेड के विस्तार को भी मंजूरी दी गई। इससे अस्पताल आने वाले मरीजों, परिजनों और कर्मचारियों के वाहनों के लिए बेहतर पार्किंग सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
बैठक में सदस्यों ने जिला चिकित्सालय की स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने के साथ मरीजों को बेहतर, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। प्रस्तावित विकास कार्यों के पूरा होने से अस्पताल की भौतिक अधोसंरचना, स्वच्छता, आंतरिक आवागमन और पार्किंग व्यवस्था में सुधार होगा, जिससे अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को सुविधाएं मिलेंगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा