अपडेट: धमतरी में टेकस्टार्स स्टार्टअप वीकेंड का जोश, जुटे युवा इनोवेटर्स
धमतरी, 28 नवंबर (हि.स.)। युवाओं में नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से टेकस्टार्स स्टार्टअप वीकेंड धमतरी का तीन दिवसीय कार्यक्रम शुक्रवार से गंगरेल स्थित बरदिहा लेक व्यू रिज़ार्ट में शुरू हो गया, जो 30 नवंबर तक चलेगा।
जिला प्रशासन तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस कार्यक्रम को कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम उन सभी के लिए खुला है जो किसी नए विचार को व्यवसायिक रूप देना चाहते हैं। चाहे वे विद्यार्थी हों, नौकरीपेशा हों या पहले से स्टार्टअप चला रहे हों। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे अपने नवीन विचार साझा करें, टीम बनाएं और उन्हें व्यवहारिक रूप दें। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को स्टार्टअप इकोसिस्टम की दिशा में प्रेरित करना, उनके आइडिया को प्रोजेक्ट के रूप में विकसित कराना और आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है। यह आयोजन छत्तीसगढ़ में अपनी तरह का पहला कार्यक्रम है, जो धमतरी को उभरते स्टार्टअप हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
विधायक ओंकार साहू ने कहा कि धमतरी के युवाओं में अपार क्षमता है और ऐसे आयोजन उन्हें अपने कौशल और रचनात्मकता को दिशा देने का मंच प्रदान करते हैं। महापौर रामू रोहरा ने कहा कि नगर निगम नवाचार और तकनीकी प्रगति को बढ़ावा देने के लिए निरंतर सहयोग करेगा और युवाओं को समाज की समस्याओं का तकनीक आधारित समाधान खोजने के लिए प्रेरित किया। पूर्व विधायक रंजना साहू ने युवाओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हुए कहा कि आधुनिक युग में स्टार्टअप रोजगार सृजन का प्रमुख माध्यम बन रहे हैं। छत्तीसगढ़ पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद ने उद्यमिता को सामाजिक उन्नति का मजबूत आधार बताते हुए प्रतिभागियों से इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की। महापौर रामू रोहरा ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। कार्यक्रम में महिंद्रा कंपनी हैदराबाद से आए एआईसी इस्माइल अकबानी सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
तीन दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में मेंटोरशिप, टीम बिल्डिंग, पिच प्रेजेंटेशन और निवेशकों से संवाद जैसी प्रमुख गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। विकासगढ़ के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी मेराज मीर और सह-संस्थापक सानिया शेख ने बताया कि ग्लोबल स्टार्टअप एक्सेलरेटर टेकस्टार्स वर्ष 2006 से विश्वभर में स्टार्टअप और उद्यमिता को बढ़ावा दे रहा है। इस कार्यक्रम में 10 से अधिक निवेशक, 20 अनुभवी मेंटर्स, 50 संभावित स्टार्टअप टीमें और 100 से अधिक प्रतिभागी शामिल होंगे, जिससे युवाओं, छात्रों, स्टार्टअप फाउंडर्स और प्रोफेशनल्स को व्यापक मार्गदर्शन एवं नेटवर्किंग का अवसर प्राप्त होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा