अज्ञात चोर ने 25 लीटर पेट्रोल की चाेरी काे दिया अंजाम

 


जगदलपुर, 02 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के भानपुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत एक अज्ञात चोर ने नकदी या कीमती सामान की बजाय 25 लीटर पेट्रोल से भरा जरीकेन, सिगरेट और ड्राई फ्रूट की चाेरी कर चंपत हाे गया। घटना पुलिस थाना से 50 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

वहीं घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। वैश्विक पेट्रोल संकट में बढ़ते पेट्रोल की कीमत काे देखते हुए चाेराें काे भी पेट्रोल की चाेरी में ज्यादा फायदा दिखने लगा है।

मिली जानकारी के अनुसार घटना भानपुरी थान से 50 मीटर की दूरी पर सोमवार-मंगलवार के दरमियानी रात करीब 1:52 बजे चाेरी करने वाला आरोपित तीन ठेला नुमा दुकानों के पास पहुंचा। उसने दुकानों के ताले तोड़े और लगभग 20 मिनट तक वहां मौजूद रहकर सामान खंगालता रहा। इसके बाद लगभग रात 2:12 बजे आरोपित अपने सिर पर 25 लीटर पेट्रोल से भरा जरीकेन, सिगरेट और ड्राई फ्रूट्स लेकर मौके से फरार हो गया।

पूरी वारदात कैमरे में कैद हो गई, लेकिन चोर इतनी फुर्सत में था कि उसे देखकर ऐसा लग रहा था मानो वह चोरी नहीं खरीदारी करने आया हो। बताया जा रहा है कि चोरी सिर्फ एक दुकान में हुई है, जबकि बाकी दुकानों के केवल ताले तोड़े गए हैं। मामले में शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, पुलिस चाेरी के आरोपित की तलाश में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे