उल्लास नवभारत साक्षरता महापरीक्षा में 3,619 नवसाक्षर हुए शामिल, सास-बहू ने साथ बैठकर दी परीक्षा

 


बलरामपुर, 27 सितंबर (हि.स.)। उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत आज रविवार को जिलेभर में शिक्षार्थी आकलन महापरीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा को लेकर नवसाक्षरों में खासा उत्साह देखने को मिला। जिले में बनाए गए 292 परीक्षा केंद्रों पर पंजीकृत 3,620 शिक्षार्थियों में से 3,619 ने परीक्षा में भाग लिया।

राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण रायपुर के निर्देशानुसार आयोजित परीक्षा कलेक्टर एवं अध्यक्ष रेना जमील के मार्गदर्शन और जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले के नेतृत्व में हुई। परीक्षा केंद्रों पर नवसाक्षरों ने बुनियादी साक्षरता और अंकगणित से जुड़े प्रश्नों को हल किया।

रामानुजनगर विकासखंड के शासकीय माध्यमिक शाला माझापारा, नारायणपुर परीक्षा केंद्र में रकीबा खातून और उनकी बहू रैसुननिशा ने एक ही बेंच पर बैठकर परीक्षा दी। घर की जिम्मेदारियों के साथ दोनों सास-बहू अब पढ़ना-लिखना सीखने की राह पर भी साथ आगे बढ़ रही हैं।

इसी तरह भैयाथान विकासखंड के शासकीय माध्यमिक शाला हर्रापारा परीक्षा केंद्र में दिव्यांग वर्षा अपने चार माह के बच्चे को गोद में लेकर परीक्षा देने पहुंचीं। बच्चे की देखभाल के साथ उन्होंने परीक्षा में भाग लिया। उनकी लगन और सीखने के प्रति उत्साह ने परीक्षा केंद्र में मौजूद शिक्षकों और पर्यवेक्षकों का ध्यान आकर्षित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय