उज्ज्वला योजना से धुएं से राहत, सावित्री राजवाड़े के परिवार की दिनचर्या हुई आसान
सूरजपुर, 27 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत मिले गैस कनेक्शन से कुंजनगर निवासी सावित्री राजवाड़े के परिवार की रसोई और रोजमर्रा की दिनचर्या आसान हुई है। आज रविवार को सावित्री ने बताया कि पहले भोजन बनाने के लिए जलाऊ लकड़ी जुटानी पड़ती थी और चूल्हे के धुएं के बीच खाना बनाना पड़ता था।
सावित्री के अनुसार, पहले परिवार की महिलाएं जंगल से जलाऊ लकड़ी लाती थीं। लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाने के दौरान लंबे समय तक धुएं में रहने से आंखों में जलन होती थी। खाना तैयार करने में भी अधिक समय लगता था, जिससे घर के दूसरे काम प्रभावित होते थे।
उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन मिलने के बाद अब भोजन जल्दी तैयार हो जाता है। इससे बच्चों को समय पर स्कूल भेजने और परिवार के अन्य जरूरी काम पूरे करने में सुविधा हो रही है। सावित्री ने बताया कि धुएं से राहत मिलने के साथ परिवार के लिए भी अधिक समय मिल पा रहा है।
सावित्री ने योजना से मिली सुविधा के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि गैस कनेक्शन ने रोजमर्रा के घरेलू काम को आसान बनाने में मदद की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय