सीएम हेल्पलाइन 1076 से दो दिन में मिला उज्ज्वला गैस कनेक्शन, हिमाद्री निराला की शिकायत का हुआ त्वरित समाधान
जांजगीर-चांपा, 16 जुलाई (हि. स.)। छत्तीसगढ़ सरकार की सीएम हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बनती जा रही है। इसका ताजा उदाहरण जांजगीर-चांपा जिले में देखने को मिला, जहां प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन के लिए लंबे समय से परेशान श्रीमती हिमाद्री निराला की शिकायत का समाधान महज दो दिनों में कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, श्रीमती हिमाद्री निराला ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत गैस कनेक्शन प्राप्त करने के लिए बिर्रा इंडेन ग्रामीण वितरक के यहां आवेदन किया था। आवेदन स्वीकृत होने के बावजूद उन्हें गैस कनेक्शन नहीं मिल सका। काफी समय तक समस्या का समाधान नहीं होने पर उन्होंने अपनी शिकायत सीएम हेल्पलाइन 1076 में दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही खाद्य विभाग के अधिकारियों ने मामले की तत्काल जांच शुरू की। जांच में पता चला कि श्रीमती हिमाद्री निराला वर्तमान में ग्राम दुरुग, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ में निवास कर रही हैं। उनका आवेदन पहले ही स्वीकृत हो चुका था, लेकिन हितग्राही से संपर्क नहीं हो पाने के कारण गैस कनेक्शन की स्थापना (इंस्टॉलेशन) की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी थी।
इसके बाद कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में खाद्य विभाग ने तेजी से कार्रवाई करते हुए हितग्राही से संपर्क स्थापित किया। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराने के बाद मात्र दो दिनों के भीतर श्रीमती हिमाद्री निराला को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन उपलब्ध करा दिया गया।
गैस कनेक्शन मिलने के बाद श्रीमती हिमाद्री निराला ने खुशी जताते हुए कहा कि उनकी समस्या का इतनी तेजी से समाधान होना उनके लिए बेहद सुखद अनुभव रहा। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सीएम हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो रहा है।
जिला प्रशासन का कहना है कि मुख्यमंत्री के सुशासन के संकल्प के अनुरूप सीएम हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक समय पर पहुंच सके।
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT