शीतकालीन सत्र में लागू होगा यूसीसी, समिति की बैठक के बाद बढ़ेगी प्रक्रिया : मुख्यमंत्री साय
रायपुर, 24 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की दिशा में सरकार तेजी से आगे बढ़ रही है। उच्चतम न्यायालय की पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में गठित समिति की बैठक के बाद आगामी शीतकालीन विधानसभा सत्र में यूसीसी से संबंधित विधेयक लाया जाएगा।
मुख्यमंत्री साय आज शुक्रवार को कर्नाटक रवाना होने से पूर्व रायपुर में पत्रकारों से चर्चा के दाैरान कहा कि समिति की अनुशंसाओं पर विचार के बाद सरकार आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करेगी और शीतकालीन सत्र में विधेयक पारित कराने का प्रयास किया जाएगा।
वहीं कांग्रेस के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को शांतिपूर्ण ढंग से विरोध-प्रदर्शन का अधिकार है, लेकिन कानून हाथ में लेने की अनुमति किसी को नहीं दी जा सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ता कश्मीर की तर्ज पर पत्थरबाजी पर उतर आए हैं। ऐसे मामलों में कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
अपने कर्नाटक प्रवास के संबंध में मुख्यमंत्री साय ने बताया कि वे सत्य साईं ग्राम में आयोजित स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्धजनों से उनकी भेंट भी होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल