जिला चिकित्सालय जांजगीर में टाईप 1 डायबिटिज क्लीनिक का हुआ शुभारभ

 


जांजगीर-चांपा 29 अक्टूबर (हि. स.)। राज्य शासन के निर्देशानुसार कलेक्टर जनमेजय महोबे के मार्गदर्शन में जिला चिकित्सालय जांजगीर में टाईप 1 डायबिटिज (टी1डी) क्लीनिक का गुरुवार को शुभारभ किया गया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. श्रीमती अनीता श्रीवास्तव ने बताया कि इसका उद्देश्य जिले में टाईप 1 डायबिटिज से पीड़ित बच्चों एवं किशोरों के लिये जांच उपचार एवं नियमित फॉलोअप सेवाओं का सुदृढ़ीकरण किया जा सके। शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान जिला कार्यक्रम प्रबंधक उत्कर्ष तिवारी, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक जिला चिकित्सालय डॉ. बी.एल. जागृति, डॉ. मधुराधा राठौर, डॉ. एन. के. धुर्वे, डॉ. लोकेन्द्र कश्यप, डॉ. आलोक मंगलम, डॉ. संदीप साहू, डॉ. अभिषेक कौशिक, अंकित ताम्रकार, कोमल प्रसाद, देवेन्द्र कुमार देवांगन एवं स्टाफ, मरीजों व उनके परिजन उपस्थित थे।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि, टाईप 1 डायबिटिज से पीड़ित बच्चों को समय पर पहचान नियमित उपचार एवं निरंतर चिकित्सकीय देखभाल की आवश्यकता होती है इस क्लीनिक के माध्यम से टाईप 1 डायबिटिज से पीड़ित बच्चों एवं किशोरों के लिये नियमित स्वास्थ्य जांच उपचार एवं नियमित फॉलोअप निःशुल्क इसुलिन उपलब्ध कराया जायेगा। साथ ही मरीजों एवं परिजनों को बीमारी के प्रति जागरूक इसुलिन के नियमित उपयोग खान-पान समय-समय पर फॉलोअप कर उचित देखभाल और नियमित उपचार के लिये प्रेरित किया जाएगा।

विलियम जे. क्लिंटन फाउन्डेशन के सहयोग से संचालित यह क्लीनिक प्रत्येक गुरूवार को प्रातः 10 बजे से दोपहर 01 बजे तक जिला चिकित्सालय जांजगीर में संचालित होगा। उन्होंने जिले के अभिभावकों से अपील किये है कि यदि किसी बच्चे में बार-बार प्यास लगना, बार-बार पेशाब आना, वजन कम होना अत्यधिक थकान जैसे लक्षण दिखाई दे तो तत्काल चिकित्साकीय परामर्श लें, टाईप 1 डायबिटिज की समय पर पहचान एवं नियमित उपचार अत्यंत आवश्यक है। अभिभावक अपने बच्चों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराये तथा चिकित्सक की सलाह के अनुसार उपचार जारी रखें।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT