बालोद में कार की टक्कर से माेटरसाइकिल सवार दाे मासूम की माैत, कार चालक फरार

 


बालोद, 21 सितंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में रविवार देर रात तेज रफ्तार कार की टक्कर से माेटरसाइकिल सवार दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हाे गया है। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

देवरी थाना से प्राप्तजानकारी के अनुसार, परसुली गांव निवासी पवन सोनकर रविवार रात अपने 3 वर्षीय बेटे हिमांशु सोनकर और 12 वर्षीय भतीजे नमन कुमार सोनकर के साथ माेटरसाइकिल क्रमांक सीजी 24 एस 1107 से घर के पास सड़क पर निकले थे। इसी दौरान डौंडीलोहारा की ओर से देवरी की तरफ जा रही कार क्रमांक सीजी 08 एटी 360 के चालक ने कथित तौर पर वाहन को रॉन्ग साइड में ले जाकर माेटरसाइकिल को सामने से टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि माेटरसाइकिल सवार तीनों सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल घायलों की मदद की। सूचना मिलने के बाद डॉयल 112 और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को देवरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें राजनांदगांव रेफर किया गया। वहां उपचार के दौरान पवन सोनकर के बेटे हिमांशु सोनकर और भतीजे नमन कुमार सोनकर की मौत हो गई। वहीं पवन सोनकर का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि हादसे के बाद कार चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर देवरी पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लिया। पुलिस ने कार के नंबर के आधार पर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल