कवर्धा जिले में दो कार की जबरदस्त टक्कर में एक युवक की मौत, चार गंभीर रूप से घायल

 


रायपुर, 29 जून (हि.स.)। कबीरधाम (कवर्धा) जिले के पंडरिया-कुकदूर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह दो कारों के बीच भीषण आमने-सामने भिड़ंत हुई है। जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई और 4 से 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

पुलिस ने जानकारी दी है कि यह दर्दनाक हादसा पंडरिया और कुकदूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले लघान (लोखान) गांव के पास सोमवार सुबह लगभग सात बजे से आठ बजे के बीच हुआ है। जब दोनों कारें तेज रफ्तार में थीं । दुर्घटना फ्रॉन्क्स कार (सीजी 09 जेएस 4619) और वैगनआर कार (एमपी 50 जेडबी 0139) के बीच हुई है। हादसे में जान गंवाने वाले धरमपुरा (कबीरधाम) निवासी युवक का नाम रूपेश कुमार ध्रुव (उम्र लगभग 26 वर्ष) बताया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों और राहगीरों के प्रारंभिक बयानों के अनुसार, दोनों कारों की रफ्तार बेहद तेज थी, जिसके कारण लघान (लोखान) गांव के अंधे मोड़ पर चालक वाहनों पर नियंत्रण नहीं रख पाए और यह आमने-सामने की सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे में कबीरधाम जिले के धरमपुरा निवासी एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। कारों में सवार अन्य 4 से 5 लोग ,जिसमें महिला भी शामिल हैगंभीर रूप से जख्मी हुए हैं।

घटना के संबंध में पंडरिया और कुकदूर थाना प्रभारियों का कहना है कि पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया।सभी गंभीर घायलों को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। वर्तमान में पुलिस हादसे के सटीक कारणों की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा