पोटाश बम से जंगली सुअरों का अवैध शिकार, दो गिरफ्तार

 


धमतरी, 21 नवंबर (हि.स.)। पोटाश बम से जंगली सुअरों का अवैध ढंग से शिकार करने वाले दो आरोपितों को वन विभाग की टीम ने पकड़ा है। दोनों के खिलाफ जुर्म दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया है।

वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार उदती-सीतानदी टाईगर रिजर्व सीतानदी अभ्यारण परिक्षेत्र रिसगांव के अतर्गत छत्तीसगढ़-ओड़िशा सीमा आरक्षित वनक्षेत्र कक्ष कमांक 254-255 चिखलापानी में विस्फोटक पदार्थ पोटाश बम से जंगली सुअर का अवैध शिकार मामले में संलिप्त दो आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। जिसमें आरोपित जोहरू नेताम गोंड़ उम्र 40 वर्ष निवासी कोरहोबेड़ा थाना-विश्रामपुरी जिला कोंडागांव एवं मनकलाल मरकाम उम्र 37 वर्ष ग्राम मुकुंदपुर, थाना सिहावा, जिला-धमतरी शामिल है। दोनों आरोपितों को 17 नवंबर को पूछताछ के लिए उसके गांवों से गिरफ्तार कर परिक्षेत्र कार्यालय रिसगांव मुख्यालय सांकरा लाया गया था।

पूछताछ के दौरान विस्फोटक पदार्थ पोटाश बम का लेनदेन करने संदिग्ध पदार्थों की हेराफेरी तस्करी करने एवं वन्यप्राणी जंगली सुअर का अवैध शिकार करने के जुर्म में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी व्ययवहार न्यायालय ने न्यायिक रिमांड पर जिला जेल धमतरी भेज दिया गया है। दोनों आरोपितों की जमानत याचिका 20 नवंबर को न्यायालय ने निरस्त कर दिया है। इसके पूर्व जंगली सुअर शिकार मामले में वन विभाग ने नरसिंग उम्र 50 वर्ष, मानसिंग उम्र 22 वर्ष, देवानंद उर्फ लैला उम्र 49 वर्ष, शेषमल 38 वर्ष निवासी ग्राम-खिलौली, थाना-कुदई, तहसील-रायघर, जिला-नबरंगपुर ओडिसा को पकड़कर कार्रवाई की गई थी। वहीं विस्फोटक पदार्थ पोटाश बग सप्लायर भारत राठौर कोरहोबेड़ा थाना विश्रामपुरी जिला कोंडागांव के घर सर्च वारंट तलाशी के दौरान विभिन्न प्रकार के संदिग्ध विस्फोटक सामग्री मौके से बरामद की गई थी। इसे भी गिरफ्तार कर न्यायिक मजिस्ट्रेट, प्रथम श्रेणी व्यवहार न्यायालय नगरी जिला-धमतरी के न्यायिक रिमाण्ड पर न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल धमतरी दाखिला कराया गया था।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा