जांजगीर : चोरी के मामले में दो आरोपित गिरफ्तार, मोटरसाइकिल और नकदी बरामद

 


जांजगीर-चांपा, 20 फरवरी (हि. स.)। थाना जांजगीर पुलिस ने चोरी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपिताें को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपिताें के कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल, 700 रुपये नगद तथा घटना में प्रयुक्त एक अन्य मोटरसाइकिल बरामद की गई है। दोनों आरोपिताें पर कार्रवाई कर आज शुक्रवार काे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार 29 जनवरी 2026 की रात पीड़ित जगजीवन कुर्रे, निवासी बिहारगनी, के घर से अज्ञात चोरों ने राशन सामग्री, एक मोटरसाइकिल और नगदी रकम चोरी कर ली थी। पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना जांजगीर में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में अज्ञात आरोपिताें की लगातार तलाश की जा रही थी। इसी दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की गई मोटरसाइकिल को दो व्यक्ति बेचने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपिताें ने अपना नाम अमृतलाल पटेल (34 वर्ष), निवासी राजापारा चांपा थाना चापा तथा घनश्याम लाल चौहान उर्फ ब्लूटूथ (37 वर्ष), निवासी बैग बुढ़वा थाना शक्ति जिला शक्ति बताया। मेमोरेंडम कथन में दोनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने ही घटना की रात घर से मोटरसाइकिल, राशन सामग्री और नगदी रकम चोरी की थी। चोरी की राशन सामग्री और नगदी रकम खर्च कर देने की बात भी उन्होंने स्वीकार की।

अपराध स्वीकार किए जाने पर दोनों आरोपिताें को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। इस कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, प्रधान आरक्षक प्रकाश राठौर, आलोक शर्मा, राकेश तिवारी, आरक्षक शंकर राजपूत, नीतीश विश्वकर्मा, विनोद राठौर तथा महिला आरक्षक रेखा यादव की सराहनीय भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT