सारागांव में जुआ खेलते दो आरोपी गिरफ्तार, 2600 रुपये नकद जब्त
जांजगीर-चांपा, 07 सितम्बर (हि. स.)। जिले में जुआ और सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत आज साेमवार काे सारागांव थाना पुलिस ने जुआ खेल रहे दो आरोपिताें को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2600 रुपये नगद जब्त किए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपिताें के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत विधिवत कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में जुआ, सट्टा खिलाने और खेलने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सारागांव थाना पुलिस को क्षेत्र में जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर रेड कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जुआ खेल रहे दो लोगों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपिताें की पहचान रोशन लाल टंडन, निवासी मुड़पार थाना नवागढ़, हाल ग्राम लखुर्री थाना सारागांव और रमेश कुमार, निवासी ग्राम लखुर्री के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से जुआ में इस्तेमाल की जा रही 2600 रुपये की नगद रकम जब्त की।
मामले में दोनों आरोपिताें के विरुद्ध जुआ अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में जुआ और सट्टा जैसी गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सारागांव कमलेश सेंडे सहित थाना स्टाॅफ का विशेष योगदान रहा।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT