बलरामपुर के काेदवा बांध में डूबा ट्रक दो दिन बाद बाहर निकाला
बलरामपुर, 07 सितंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले के कुसमी थाना क्षेत्र के ग्राम कोदवा में शनिवार रात हादसे के बाद कोदवा बांध में डूबे ट्रक को आज सोमवार को करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद बाहर निकाल लिया गया। करीब 30 फीट गहरे पानी में डूबे ट्रक को निकालने के लिए दो हाइड्रा क्रेन की मदद ली गई। सुबह 7 बजे शुरू हुआ रेस्क्यू अभियान दोपहर 12 बजे सफल हुआ। ट्रक को बाहर निकलते देखने के लिए मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 11 बजे ट्रक समरी माइंस में बॉक्साइट लोड करने जा रहा था। कोदवा बांध के पास सामने से आ रही मोटरसाइकिल को बचाने के दौरान ट्रक अनियंत्रित होकर बांध में जा गिरा। हादसे के बाद ट्रक करीब 30 फीट गहरे पानी में पूरी तरह डूब गया।
हादसे में चालक की जान बच गई। बताया जा रहा है कि चालक को तैरना आता था, जिसके चलते वह किसी तरह तैरकर बांध से बाहर निकल गया। ट्रक टाटीझरिया निवासी महेंद्र यादव का बताया जा रहा है।
हादसे के बाद ट्रक को बाहर निकालने के प्रयास किए जा रहे थे। सोमवार सुबह दो हाइड्रा क्रेन की मदद से रेस्क्यू शुरू किया गया। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद ट्रक को पानी से बाहर निकाल लिया गया।
दो दिन तक पानी में डूबे रहने के कारण ट्रक को काफी नुकसान पहुंचा है। उसकी स्थिति ऐसी है कि वह सड़क पर चलने लायक नहीं बचा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय