कांकेर : ट्रक और हाइवा की आमने-सामने भिड़ंत, दोनों वाहनों में लगी आग

 


कांकेर, 24 जून (हि.स.)। जिले के भानुप्रतापपुर मुख्य मार्ग पर स्थित मटोली चौक में बुधवार सुबह करीब 5 से 6 बजे के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां ट्रक और हाइवा वाहन की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों में आग लग गई और देखते ही देखते वे सड़क के बीचों-बीच धू-धू कर जलने लगे। मिली जानकारी के अनुसार इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि दुर्घटना के बाद दोनों वाहनों के ड्राइवर मौके पर नहीं मिले। पुलिस उनकी तलाश कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हादसे के समय वाहन कौन चला रहा था। घटना के चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। कई यात्री और मालवाहक वाहन घंटों तक मार्ग पर फंसे रहे। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं यातायात व्यवस्था संभालने में जुट गई। पुलिस और प्रशासन की निगरानी में आग बुझाने तथा क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने की कार्रवाई की गई। काफी मशक्कत के बाद मार्ग को साफ कराया गया और यातायात धीरे-धीरे सामान्य किया गया। पुलिस बल की मदद से फंसे वाहनों को एक-एक कर घटनास्थल से निकाला गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे