अंबिकापुर : बेलगाम ट्रक दुकान-घर में घुसा, लाखों का नुकसान, चालक घंटों फंसा रहा
अंबिकापुर, 30 मार्च (हि.स.)। सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खम्हरिया में बीती रात करीब 3 बजे एक बेलगाम कोयला लोड हाईवा ट्रक ने जमकर कहर बरपाया। अनियंत्रित वाहन सीधे “लक्ष्मी मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक एवं फर्नीचर” दुकान में जा घुसा, जिससे दुकान के साथ घर में रखे लाखों रुपये के सामान लैपटॉप, पलंग, सोफा सहित अन्य कीमती वस्तुएं बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
दुर्घटना के दौरान ट्रक चालक वाहन में बुरी तरह फंस गया था। सूचना मिलते ही उदयपुर थाना प्रभारी शिशिरकांत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जेसीबी और कटर मशीन की मदद से करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल चालक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि बिशुनपुर-ओडगी मार्ग, जो उदयपुर थाना मोड़ से सूरजपुर तक करीब 82 किलोमीटर लंबा है, भारी कोयला वाहनों की लगातार आवाजाही के चलते पूरी तरह जर्जर हो चुका है। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण इस मार्ग पर आए दिन हादसे हो रहे हैं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह