ट्रक की टक्कर से तखतपुर में बाइक सवार तीन युवकों की मौत
रायपुर , 29 अगस्त (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के तखतपुर में शनिवार की सुबह ट्रक की टक्कर से बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपित चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुट गई है।
पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की है कि हादसा शनिवार सुबह तखतपुर-मुंगेली मार्ग पर जूनापारा के पास हुआ है। मोटरसाइकिल पर सवार तीनों युवक किसी काम से निकले थे, तभी सामने से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों मृतकों के पास से मौके पर तत्काल कोई पहचान पत्र या दस्तावेज बरामद नहीं हो सके।
यह हादसा जुनापारा चौकी क्षेत्र में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक बेहद तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक मोटरसाइकिल को कई मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। बाइक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
हादसे के तुरंत बाद आरोपित ट्रक ड्राइवर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।सूचना मिलते ही जूनापारा चौकी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाकारित ट्रक को जब्त कर लिया है और उसके नंबर के जरिए वाहन मालिक और ड्राइवर का सुराग लगाया जा रहा है।पुलिस ने तीनों शवों को शवगृह भिजवा दिया है।
तीनों युवकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों सहित अन्य माध्यमों से फरार वाहन चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा