बड़ांजी में शहीद गेंद सिंह को श्रद्धांजलि देकर मनाया जनजातीय गौरव दिवस
जगदलपुर, 15 नवंबर (हि.स.)। जिले के लोहंडीगुड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बड़ांजी में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और जनजातीय नायक शहीद गेंद सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम के दौरान जनजातीय समुदाय के लोगों ने शहीद गेंद सिंह जी के अदम्य साहस, बलिदान और समाज के प्रति उनके योगदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस हमें अपनी समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और महापुरुषों के बलिदान से प्रेरणा लेने का अवसर प्रदान करता है। इस गौरवमयी आयोजन में ग्राम पंचायत बड़ांजी सहित आसपास के ग्रामों—बेलर और टाकरागुड़ा के ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में जनजातीय समुदाय के समाज प्रमुखों की विशेष उपस्थिति रही, जिन्होंने समाज की एकजुटता और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का संदेश दिया। आयोजन के अंत में सभी ने महापुरुषों के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे