बलरामपुर : पीवीटीजी-पंडो परिवारों की होगी यूनिवर्सल हेल्थ स्क्रीनिंग

 

बलरामपुर, 08 अगस्त (हि.स.)। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर जिले में 09 अगस्त को ‘स्वस्थ छत्तीसगढ़ यूनिवर्सल हेल्थ स्क्रीनिंग फॉर पीवीटीजी’ अभियान शुरू किया जाएगा। इसके तहत पीएम जनमन योजना के माध्यम से जिले के विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (पीवीटीजी) और पंडो समुदाय के परिवारों की स्वास्थ्य जांच की जाएगी। आज शनिवार को अभियान की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जिले के सभी विकासखंडों में अभियान के लिए कार्ययोजना तैयार की गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें चिन्हित पीवीटीजी और पंडो परिवारों तक पहुंचकर प्रत्येक सदस्य की स्वास्थ्य जांच करेंगी।

अभियान की खास बात यह है कि स्वास्थ्य जांच की जानकारी सीएचओ और आरएचओ मोबाइल ऐप के माध्यम से मौके पर ही दर्ज करेंगे। इससे प्रत्येक परिवार और लाभार्थी की जांच की स्थिति की रियल-टाइम ऑनलाइन मॉनिटरिंग हो सकेगी। जांच से वंचित परिवारों की भी तत्काल पहचान कर उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ा जाएगा।

अभियान के दौरान सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ जरूरत के अनुसार विभिन्न बीमारियों की स्क्रीनिंग, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य जांच और गैर-संचारी रोगों की जांच की जाएगी। जांच के दौरान किसी बीमारी या स्वास्थ्य समस्या की पहचान होने पर संबंधित व्यक्ति को आवश्यक उपचार दिया जाएगा। जरूरत पड़ने पर उसे उच्च स्वास्थ्य संस्था के लिए रेफर भी किया जाएगा।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह ने कहा कि पीवीटीजी और पंडो समुदाय के प्रत्येक परिवार तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है। पीएम जनमन के माध्यम से जिले के प्रत्येक पीवीटीजी और पंडो परिवार की यूनिवर्सल हेल्थ स्क्रीनिंग की जाएगी। अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग के साथ शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ अभियान संचालित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि कोई भी पीवीटीजी और पंडो परिवार स्वास्थ्य जांच से वंचित न रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय