10 दिन बाद भी नहीं बुझी ट्रेचिंग ग्राउंड की आग, धुएं से लोग हलकान
धमतरी, 03 जून (हि.स.)। शहर के सोरिद वार्ड स्थित बागतराई रोड के ट्रेचिंग ग्राउंड (कचरा डंपिंग सेंटर) में 10 दिन पहले लगी आग अब तक पूरी तरह नहीं बुझ पाई है। कचरे के विशाल ढेर में अंदर ही अंदर सुलग रही आग लगातार धुआं उगल रही है, जिससे आसपास के रहवासी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। हालात यह हैं कि दिन-रात उठने वाला धुआं घरों तक पहुंच रहा है और लोगों को सांस लेने में परेशानी के साथ आंखों में जलन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
इन दिनों शहर का प्रमुख कचरा डंपिंग स्थल लगातार धुआं छोड़ रहा है। ट्रेचिंग ग्राउंड में पालीथिन, प्लास्टिक, मांस के टुकड़े, सूखे और गीले कचरे का पहाड़नुमा ढेर जमा है। कचरे के भीतर लगी आग पूरी तरह नहीं बुझी है और अंदर ही अंदर सुलग रही है। हवा चलने पर इसका धुआं करीब दो किलोमीटर तक फैल जाता है, जिससे सोरिद सहित आसपास के इलाकों के लोग परेशान हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज हवा के दौरान धुएं की मात्रा और बढ़ जाती है, जिससे घरों में रहना मुश्किल हो जाता है। इसके बावजूद अब तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है। लोगों ने नगर निगम से तत्काल ठोस कदम उठाकर आग बुझाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते आग को पूरी तरह नहीं बुझाया गया तो बढ़ते तापमान और प्रतिदिन पहुंच रहे सूखे कचरे के कारण फिर से बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने प्रशासन से त्वरित कार्रवाई कर धुएं से राहत दिलाने की मांग की है। मालूम हो कि शहर के सोरिद वार्ड के बागतराई रोड स्थित ट्रेचिंग ग्राउंड(कचरा डंप सेंटर) में 24-25 मई को आगजनी की घटना हो गई। लगभग पांच सौ मीटर लंबे -चौड़े एरिया में बड़ी तादाद में कचरा डंप है। यहां से आग की लपटें देख लोगों ने इसकी सूचना निगम के फायर ब्रिगेड अमले को दी। घंटों की मशक्कत के बाद आग को बुझाया गया। आग को जैसे तैसे रात को काबू किया गया, लेकिन कचरे के ढेर में आग सुलगती ही रही है।
सोरिद वार्ड निवासी सुमन पांडे ने बताया कि कूलर चलाते ही धुआं तेजी से घर के अंदर प्रवेश करने लगता है। दिन-रात धुएं के कारण परिवार को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। इस पर रोक लगाई जाए। बलराम रजक ने कहा कि लगातार धुएं के कारण लोगों की सेहत प्रभावित हो रही है और सांस संबंधी परेशानियां बढ़ रही हैं। सूखे कचरे के कारण फिर से बड़ा हादसा हो सकता है।नीतीश कुमार का कहना है कि सुबह और रात के समय धुएं का असर सबसे ज्यादा महसूस होता है। उन्होंने निगम प्रशासन से आग को पूरी तरह बुझाने की मांग की है।
वार्डवासी देवेश सोनी ने ट्रेचिंग ग्राउंड की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग करते हुए कहा कि आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी निगरानी जरूरी है, क्योंकि कचरे में लगी आग पर काबू पाना बेहद कठिन होता है। इस संबंध में नगर निगम आयुक्त प्रिया गोयल ने कहा कि शहर के सोरिद वार्ड स्थित बागतराई रोड के ट्रेचिंग ग्राउंड में लगी आग को बुझाया गया है। अंदर लगी आग सुलग रही है। आग को पूरी तरह से बुझाने के लिए पुन: प्रयास किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा