307 ब्लॉक अध्यक्ष अब भाजपा के खिलाफ लड़ाई लड़ेंगे : दीपक बैज
रायपुर, 22 सितंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के सभी ब्लॉक अध्यक्षों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज मंगलवार काे समापन हुआ। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से आयोजित इस प्रशिक्षण अभियान के तहत अलग-अलग संभागों में ब्लॉक अध्यक्षों को संगठन को मजबूत करने, जमीनी स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को प्रभावी बनाने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों को लेकर प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण अभियान की शुरुआत बस्तर संभाग से की गई थी। इसके बाद दुर्ग, सरगुजा और बिलासपुर संभाग में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। अंतिम चरण में रायपुर संभाग के ब्लॉक अध्यक्षों के लिए तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया, जिसका आज समापन हुआ। रायपुर संभाग के प्रशिक्षण शिविर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने ब्लॉक अध्यक्षों को संगठनात्मक गतिविधियों और पार्टी की रणनीति से जुड़े विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन दिया।
कांग्रेस की ओर से आयोजित पत्रकारवार्ता में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि पूरे प्रदेश को 5 संभागों में बांटकर ब्लाॅक कांग्रेस अध्यक्षों और मास्टर ट्रेनरों को प्रशिक्षण दिया गया। 3-3 दिन का हमने सभी संभागों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयाेजित किया। 307 ब्लॉक अध्यक्ष अब भाजपा के खिलाफ लड़ाई लड़ेंगे। आम जनता के बीच जाकर सरकार की नाकामियां बताएंगे। अब जमीनी स्तर पर कांग्रेस काम करेगी। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, धनेंद्र साहू भी मौजूद रहे।
असम में भूपेश के काफिले पर हमला चिंताजनक : बैज
भूपेश बघेल के काफिले पर हमला पर दीपक बैज ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश और गौरव गोगई के ऊपर असम में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने पथराव किया। यह चिंताजनक बात है। पथराव से कई गाड़ियों के कांच टूटे हैं। असम में लोकसभा के उप चुनाव चल रहे हैं। भाजपा जनता के रुझान के अनुसार डरी हुई है। भाजपा कार्यकर्ता हमारे लोगों पर हमला कर रही है। क्या यही लोकतंत्र है? भाजपाइयों में कानून का डर नहीं है। इस घटना की कांग्रेस निंदा करती है। आरोपिताें के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
‘गायों को सुरक्षा नहीं दे पा रही सरकार’
बलौदाबाजार-भाटापारा ब्लॉक में बंद गोदाम में 20 गायों की मौत मामले में दीपक बैज ने कहा, पूरे प्रदेश में गायें भूख से मर रही हैं। हाइवे रोड में एक्सीडेंट से गाय मर रही हैं। बिलासपुर, कवर्धा, दुर्ग जैसे कई शहरों में 240 से ज्यादा गाय की मौत हुई है। ये सरकार गाय पर राजनीति करती है और गाय को सुरक्षा नहीं दे पा रही है। गायों के भूखे मरने की नौबत आ गई है। सरकार कुछ नहीं कर रही है।
‘स्मार्ट मीटर से जनता को लूट रही सरकार’
स्मार्ट मीटर को लेकर दीपक बैज ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा, स्मार्ट मीटर जनता की कमाई लूटने लगाया जा रहा है। सरकार सेल्समैन बनकर काम कर रही है। बिजली विभाग ने खुद दावा किया है कि स्मार्ट बिजली मीटर में लूट हो रही है। जनता के पैसों का दुरुपयोग हो रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल